Spread the love

प्रदीप कुमार
विकासनगर-देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के पर्यटन धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज मंगलवार को जौनसार-बावर क्षेत्र के सिमोग पहुंचे। यहां उन्होंने शिलगुर विजट महाराज के दर्शन कर मंदिर में पूजा-अर्चना की और दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान वह भव्य क्रीड़ा प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने जमुना कृष्णधाम हरिपुर कालसी में मां यमुना की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया। कार्यक्रम का आयोजन टौंस वैली युवा विकास समिति ग्राम कोटी खत विशायल की ओर से किया गया। सतपाल महाराज ने विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस बार विजयादशमी का विशेष महत्व है। सिरमौर और शिमला जिलों की सीमा पर स्थित सराहण और चूड़ीधार से आराध्य देव शिरगुल महाराज का विजयदशमी के अवसर पर जौनसार-बावर क्षेत्र के सिमोग में आगमन हुआ है। यह अवसर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि शिलगुर महाराज के दर्शन के लिए उत्तराखंड के साथ ही हिमाचल प्रदेश और अन्य पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस उत्सव के दौरान जौनसारी संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलती है। स्थानीय लोग पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर ढोल-दमाऊ की थाप पर लोकनृत्य प्रस्तुत करते हैं। पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक आयोजन उत्सव के प्रमुख आकर्षण रहते हैं। दशहरा समारोह में धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का भी उत्साहपूर्ण प्रदर्शन हुआ। इस अवसर पर भीम सिंह चौहान और जबर सिंह नेगी तथा डॉ.श्याम कुंवर एवं शांति चौहान और अमित नागी सहित गीता राम शर्मा तथा संत राम चौहान और सूरत सिंह चौहान एवं केशर सिंह चौहान और बीर सिंह चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *