Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत देवप्रयाग पुलिस ने आबकारी अधिनियम के मामले में करीब 13 वर्षों से फरार चल रहे एक हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को हरियाणा के झज्जर जनपद से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोशन लाल पुत्र ईश्वर सिंह निवासी लाइन पार थाना बहादुरगढ़ जनपद झज्जर हरियाणा उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 19 अक्टूबर 2026 को थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के लाइन पार इलाके से गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार और इनामी अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सीआईयू और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देवप्रयाग के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने फरार अभियुक्त की तलाश करते हुए हरियाणा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार रोशन लाल के विरुद्ध वर्ष 2007 में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज था। न्यायिक मजिस्ट्रेट कीर्तिनगर ने 21 फरवरी 2014 को उसे मफरूर घोषित किया था। लंबे समय से फरार रहने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर एक हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना बहादुरगढ़ के लाइन पार क्षेत्र में दबिश दी और 19 अक्टूबर 2026 को अभियुक्त को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार और कांस्टेबल रजनीश शर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *