प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के अंतर्गत कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में आरोपित को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़कर बालिका को सकुशल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बालिका को आठ माह पहले अपहरण कर ले जाया गया था और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर को बालिका की बरामदगी के निर्देश दिए थे। पुलिस के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता की लिखित तहरीर के आधार पर उसकी नाबालिग पुत्री को आदिश पुत्र आबिद निवासी ग्राम पुहाना थाना भगवानपुर द्वारा अपहरण कर ले जाने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप भी लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने बालिका की तलाश के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों तथा डीसीआरबी की मदद से जानकारी जुटाई। इसके अलावा संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी गई। लगातार प्रयासों के बाद 19 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर आरोपित आदिश पुत्र आबिद निवासी ग्राम पुहाना थाना भगवानपुर को राजस्थान के भिवाड़ी स्थित आजाद नगर से पकड़ा गया। पुलिस ने बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील पंत और हेड कांस्टेबल अरविन्द तोमर के साथ महिला कांस्टेबल अनुपमा शामिल रहीं। हरिद्वार पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित आरोपितों की तलाश और गंभीर मामलों में कार्रवाई जारी है।
