प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। केंद्रीय जल शक्ति एवं रेल राज्य मंत्री वी.सोमन्ना ने बुधवार को आकांक्षी जनपद हरिद्वार का भ्रमण कर ग्राम पंचायत बहादराबाद स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट और जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संचालित योजनाओं की प्रगति और कार्यप्रणाली के साथ रखरखाव की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के साथ उनके सुचारू संचालन और रखरखाव पर विशेष जोर दिया। प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने क्षेत्र से एकत्रित किए जाने वाले कूड़े के पृथक्करण और प्रसंस्करण के साथ उसके निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में स्वजल एवं जिला पंचायत विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने और अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय उपभोक्ताओं से संवाद कर पेयजल की गुणवत्ता और उपलब्धता के साथ आपूर्ति की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल योजना के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण और संचालन एवं अनुरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं का दीर्घकालिक और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए समुदाय की भागीदारी आवश्यक है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल योजनाओं का संचालन करने वाले कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही ग्राम स्तर पर गठित पेयजल एवं स्वच्छता समितियों को भी योजना के संचालन और रखरखाव के साथ नियमित देखरेख के संबंध में प्रशिक्षित किया जाए ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ निरंतर मिलता रहे। इस अवसर पर भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि नव निर्मित पेयजल योजनाओं को विभाग की ओर से 15 दिनों तक संचालित कर उनकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाए। इस अवधि में सामने आने वाली कमियों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि योजनाओं का संचालन सुचारू रूप से हो सके। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने स्वच्छता कार्यों में उपयोग किए जा रहे वैक्यूम सक्शन वाहन का भी निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वाहन का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की और उनकी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। साथ ही अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और कूड़े का उचित निस्तारण करने के साथ अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का आह्वान किया। निरीक्षण के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने डाम कोठी में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन के साथ उनके प्रभावी संचालन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना के जनपद आगमन पर प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने गंगाजली भेंटकर उनका स्वागत किया। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का संबंधित अधिकारियों से अनुपालन कराया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा और जल जीवन मिशन के प्रबंध निदेशक एवं अपर सचिव पेयजल एवं स्वच्छता झरना कमठान उपस्थित रहे। इनके अलावा राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन की हिमाली जोशी और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी महेश विश्नोई भी मौजूद रहे। अधिशासी अभियंता पेयजल निगम राजेश गुप्ता और जल संस्थान के विपिन चौहान सहित उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा तथा खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल भी बैठक एवं निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे। परियोजना प्रबंधक स्वजल चन्द्रकांत मणि त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने भी सहभागिता की।
