प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़कों पुलों और घाटों के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरे करने पर जोर दिया। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में देरी अथवा गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुरुवार देर सायं मेला नियंत्रण भवन के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने लोक निर्माण विभाग सिंचाई विभाग पीआईयू लोक निर्माण विभाग पेयजल निगम और हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण को आवंटित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने प्रमुख परियोजनाओं पर दिन-रात काम जारी रखने और कार्यस्थलों पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाओं के जिम्मेदार अधिकारी नियमित रूप से कार्यस्थलों पर मौजूद रहकर निर्माण की प्रगति गुणवत्ता और श्रमिकों की तैनाती की निगरानी सुनिश्चित करें। मंडलायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि कुंभ की तैयारियों से जुड़े किसी भी अधिकारी का अवकाश मेलाधिकारी की संस्तुति के बिना स्वीकृत नहीं किया जाएगा। सड़कों के डामरीकरण में इस्तेमाल होने वाले बिटुमिन की आपूर्ति में विलंब का मामला सामने आने पर मंडलायुक्त ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने कुंभ से जुड़े सड़क निर्माण कार्यों की आवश्यकता को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर बिटुमिन उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कुंभ क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़कों को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की परियोजनाओं को भी कुंभ से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर जाने वाले पैदल मार्गों का निर्माण शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया गया। समीक्षा बैठक से पहले मंडलायुक्त ने पंतद्वीप में उत्तर हरकी पैड़ी पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत उत्तराखंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण टीम की कार्यस्थल पर नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा। मंडलायुक्त ने बैरागी कैंप में स्थापित होने वाले कुंभ शिविरों और उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर स्थलों की समुचित सफाई और भूमि समतलीकरण के साथ ही सड़कों बिजली पेयजल और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलापूर्ति के लिए बनाए गए टैंकों और अन्य संरचनाओं की बेहतर सफाई कराने के साथ ही पानी की गुणवत्ता और उपयुक्तता की प्रयोगशाला से जांच कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शिविर स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं। मंडलायुक्त ने कनखल में हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने भवनों के अग्रभाग को आकर्षक और टिकाऊ ढंग से विकसित करने तथा रंगों के चयन और संयोजन में एकरूपता बनाए रखने के निर्देश दिए। झंडा चौक कनखल में सुधार कार्यों और बंगाली मोड़ पर फुटपाथ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने इन्हें शीघ्र पूरा करने और गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद मंडलायुक्त ने सिंहद्वार से अमरापुर घाट के बीच चल रहे घाट निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गंग नहर बंदी की अवधि का उपयोग करते हुए घाटों के निर्माण और अनुरक्षण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर स्नानार्थियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध करने तथा निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ-2027 से जुड़ी सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागीय समन्वय नियमित निगरानी और कार्यस्थलों पर अधिकारियों की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से तैयार हो सकें। बैठक में मेलाधिकारी सोनिका मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह विशेषज्ञ समन्वयक गंगा प्रसाद पंत अधीक्षण अभियंता सिंचाई मनोज कुमार सिंह अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डीपी सिंह अधीक्षण अभियंता तकनीकी प्रकोष्ठ मनोज भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
