Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस ने जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इसी क्रम में साइबर सेल श्रीनगर द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज खंडाह श्रीनगर तथा कोतवाली पौड़ी की चौकी पाबों द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज बिशल्ड पाबों में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। वहीं कोतवाली कोटद्वार की पुलिस चौकी कलालघाटी क्षेत्र में भी आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रमों के दौरान इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया मंचों के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया गया। इसके साथ ही साइबर स्टॉकिंग यानी ऑनलाइन पीछा करने और परेशान करने फर्जी सोशल मीडिया आईडी अश्लील संदेशों तथा ऑनलाइन छेड़छाड़ से बचाव के तरीके समझाए गए। पुलिस टीमों ने छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए पुलिस ने अपील की कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन उत्पीड़न या साइबर स्टॉकिंग की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट cybercrime.gov.in की जानकारी दी गई। इसके साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 के बारे में भी बताया गया। पौड़ी पुलिस द्वारा आयोजित इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *