प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में मेलाधिकारी कुंभ सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में तीर्थनगरी हरिद्वार में शुक्रवार को तीसरे दिन भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के 142 स्वयंसेवियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों से लगभग डेढ़ टन गीला एवं सूखा कूड़ा एकत्रित किया गया। अभियान का उद्देश्य हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ धार्मिक स्थलों तथा गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखना है। विशेष स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विष्णुघाट और हाथीपुल से हनुमान मंदिर तक तथा नमामि गंगे घाट और चंडी देवी सहित रामघाट तथा शीतला माता मंदिर घाट एवं गोविंद घाट पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान घाटों और सार्वजनिक स्थलों के साथ आवागमन वाले क्षेत्रों से कूड़ा-कचरा एकत्रित कर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। अभियान में शामिल स्वयंसेवियों ने श्रमदान कर घाटों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में भी योगदान दिया। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में भुवनेश्वरी महिला आश्रम और आईटीसी सहित आदर्श युवा समिति तथा परशुराम संस्था ने सक्रिय सहभागिता की। इसके अतिरिक्त जिला पंचायत और नगर निगम तथा महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वच्छता कार्यों में सहयोग प्रदान किया। विशेष स्वच्छता अभियान के माध्यम से धार्मिक स्थलों और गंगा घाटों को स्वच्छ बनाए रखने के साथ स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है। तीर्थनगरी हरिद्वार में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में घाटों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करना तथा कूड़े का उचित निस्तारण करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से संचालित यह विशेष स्वच्छता अभियान हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर तथा व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न विभागों की सहभागिता से सामूहिक जिम्मेदारी एवं जनसहयोग के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है।
