प्रदीप कुमार
नरेंद्रनगर-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। नरेंद्रनगर और ऋषिकेश फायर यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चौकी गूलर के पास स्थित एक टेंट हाउस में लगी आग पर काबू पा लिया। अग्निशमन टीमों की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़े अग्निकांड को टालने में सफलता मिली। जानकारी के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को पीएफटी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चौकी गूलर के पास स्थित एक टेंट हाउस में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन नरेंद्रनगर की फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ग्राम लुड़सी विलोगी पट्टी दोगी निवासी अमित पुत्र दौलत राम की टेंट हाउस की दुकान में आग लगी हुई थी। आग की गंभीरता को देखते हुए नरेंद्रनगर की उच्चतर फायर यूनिट और ऋषिकेश फायर यूनिट ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। अग्निशमन कर्मियों ने एमएफई की सहायता से पंपिंग कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। फायर यूनिट की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से आग को पूरी तरह बुझाकर स्थिति पर नियंत्रण प्राप्त किया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित बड़े अग्निकांड को टालने में सफलता मिली। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। टिहरी पुलिस ने आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए आग की घटनाओं में सतर्कता बरतने की अपील की है।
