Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में मेलाधिकारी कुंभ सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में तीर्थनगरी हरिद्वार में लगातार चौथे दिन भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। 24 अक्टूबर 2026 को चलाए गए इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और संबंधित विभागों ने गंगा घाटों तथा सार्वजनिक स्थलों और जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की। अभियान के दौरान लगभग 10 टन गीले एवं सूखे कूड़े का एकत्रीकरण किया गया। विशेष स्वच्छता अभियान का उद्देश्य हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को स्वच्छ सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना तथा धार्मिक स्थलों और गंगा घाटों सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना है। मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए संचालित इस अभियान की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं निगरानी कर रहे हैं। अभियान के अंतर्गत नगर निगम और आईटीसी मिशन सुनहरा कल तथा श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम ने सुभाष घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। नेचर फाउंडेशन सोसाइटी ने अलकनंदा घाट पर सफाई की जबकि जिला पंचायत ने नमामि गंगे घाट चंडी देवी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान संचालित किया। आदर्श युवा समिति ने राम घाट और परशुराम संस्था ने शीतला माता मंदिर घाट पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न घाटों और सार्वजनिक स्थलों तथा आवागमन वाले क्षेत्रों से गीले एवं सूखे कूड़े-कचरे को एकत्रित किया गया और संबंधित क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। अभियान में शामिल स्वयंसेवी संस्थाओं और विभागों के प्रतिनिधियों ने स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सक्रिय सहभागिता की। प्रशासन द्वारा गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है ताकि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *