Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग हरिद्वार की ओर से शनिवार 24 अक्टूबर 2026 को जिला बार एसोसिएशन रोशनाबाद के सभागार में बालिका सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनपद हरिद्वार के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में हाईस्कूल की परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुल 60 बालिकाओं को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न के साथ पोषण किट एवं स्मार्ट वॉच प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने बालिकाओं की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीवन में जिस मुकाम और शिखर पर व्यक्ति पहुंचता है उसे बरकरार रखने के लिए समय का सदुपयोग और निरंतर प्रयास के साथ अनुशासन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन तथा दृढ़ संकल्प से ही निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और निरंतर आगे बढ़ने के साथ शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे आयोजन बालिकाओं का उत्साहवर्धन करने के साथ उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आर.के.सिंह और मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चन्द सहित बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसमद्र सिंह तथा सचिव विपिन चतुर्वेदी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के प्रतिनिधि काजल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बालिकाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदौरिया ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अधिवक्ता और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक तथा सम्मानित बालिकाएं एवं उनके अभिभावक सहित महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *