प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों का नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने शनिवार 24 अक्टूबर 2026 को सुबह चार बजे से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में संभागीय निरीक्षक तकनीकी आनंद वर्धन की टीम ने अभियान संचालित किया। इस दौरान कुल 62 वाहनों के चालान किए गए और चार बसों को सीज किया गया। अभियान का मुख्य फोकस स्लीपर बसों और लग्जरी तथा पर्यटक बसों की सघन जांच पर रहा। जांच के दौरान कई बसों में परमिट की शर्तों का उल्लंघन और पर्यटक परमिट का निर्धारित प्रयोजन से अलग उपयोग करने के मामले सामने आए। इसके अलावा वाहनों में अनधिकृत परिवर्तन और सड़क सुरक्षा मानकों से संबंधित अनियमितताएं भी पाई गईं। परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों में रिफ्लेक्टर और फिटनेस की स्थिति के साथ चालक के ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर चार बसों को सीज किया गया जबकि अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान किए गए। संभागीय निरीक्षक तकनीकी आनंद वर्धन ने बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की विशेष जांच की। इस दौरान बसों की स्वीकृत संरचना में अनधिकृत परिवर्तन और सुरक्षा उपकरणों से संबंधित कमियों पर विशेष ध्यान दिया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि लंबी दूरी की यात्री बसों में तकनीकी मानकों की अनदेखी यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकती है। बसों के अतिरिक्त अन्य व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों की भी जांच की गई। इस दौरान ओवरलोडिंग और आवश्यक दस्तावेजों की कमी सहित परिवहन नियमों के अन्य उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में स्लीपर बसों और लग्जरी तथा पर्यटक बसों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। जनपद में प्रवेश करने वाली और यहां से संचालित होने वाली बसों में परमिट की शर्तों तथा निर्धारित तकनीकी मानकों और यात्री सुरक्षा संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों और संचालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
