प्रदीप कुमार
नंदानगर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।चमोली जनपद की नंदानगर पुलिस ने नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को पिथौरागढ़ से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक 19 वर्षीय आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार किया है। बालिका को आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार 22 अक्टूबर 2026 को बालिका की मां ने थाना नंदानगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री 19 अक्टूबर 2026 की रात घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने बालिका की काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर बालिका की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का अवलोकन करते हुए महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रेम प्रकाश कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम गुइंया थाना बलुवाकोट जनपद पिथौरागढ़ को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करने के बाद आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म से संबंधित कानूनी प्रावधानों और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं को भी जोड़ा गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। चमोली पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक नवीन पंवार कांस्टेबल शोभन सिंह और महिला कांस्टेबल पूजा शामिल रहे।
