Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल में अपराधों की रोकथाम और आपराधिक घटनाओं के त्वरित खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोटद्वार में महिला के कान से कुंडल झपटकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटमारी की घटना में छीना गया एक कुंडल बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार 22 अक्टूबर 2026 को कोटद्वार निवासी राजेन्द्र सिंह ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि बेल रोड कोटद्वार पर एक अज्ञात व्यक्ति उनकी सास के कान से कुंडल झपटकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने पुलिस टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार प्रदीप नेगी तथा सीआईयू प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश की। पुलिस के प्रयासों के बाद झपटमारी की घटना में संलिप्त आरोपी अंकित गिरी पुत्र मलखान गिरी उम्र 28 वर्ष निवासी मकान संख्या 239 हरीपुरम कुकड़ा थाना नई मंडी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से झपटमारी में छीना गया एक कुंडल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी20बीक्यू2412 बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मामले में चोरी की संपत्ति रखने से संबंधित अतिरिक्त कानूनी प्रावधान भी जोड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन मुख्य आरक्षी शशिकान्त त्यागी आरक्षी आशीष बिष्ट और होमगार्ड कुलदीप शामिल रहे। तकनीकी सहायता सीआईयू कोटद्वार के आरक्षी अवनीश ने प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *