Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ ढाल सिंह बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण करने के बाद पहली बार शनिवार को श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने बाबा केदारनाथ से समस्त प्रदेशवासियों एवं देशवासियों के सुख शांति समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। राज्यपाल ने कहा कि बाबा केदारनाथ के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य और आस्था का विषय है। उन्होंने बाबा केदारनाथ की कृपा से प्राप्त इस पावन अवसर पर प्रदेश एवं देश की निरंतर उन्नति सुख शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाबा केदारनाथ के आशीर्वाद से उत्तराखंड सहित पूरा देश प्रगति और खुशहाली के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक चेतना समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं के लिए विश्वभर में विशिष्ट पहचान रखता है। श्री केदारनाथ धाम में देश-विदेश से श्रद्धालु गहरी आस्था के साथ दर्शन करने पहुंचते हैं। ऐसे में देवभूमि की गरिमा पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने श्री केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से उत्तराखंड को स्वच्छ सुंदर और नशामुक्त बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। अपनी सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करने के साथ ही देवभूमि की धार्मिक एवं सामाजिक परंपराओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना भी हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड देश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां की परंपराओं लोकसंस्कृति और विरासत का संरक्षण करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए जाने चाहिए। उन्होंने विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हिमालय की प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी भानुमति बिसेन जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सर्वेश पंवार अपर पुलिस अधीक्षक लोकजीत सिंह उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी और यात्रा मजिस्ट्रेट प्रणव पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *