Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नवरात्रि के उल्लास और पारंपरिक संस्कृति के रंगों के बीच श्रीनगर के अल्पाइन गार्डन में रविवार को नवरात्रि डांडिया नाइट का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। संगीत की धुनों पर थिरकते कदमों और उत्साह से भरे माहौल ने सांस्कृतिक संध्या को आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में नृत्य और संगीत के साथ महिलाओं के लिए रैंप वॉक का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपने आकर्षक अंदाज और आत्मविश्वास से दर्शकों का ध्यान खींचा। रैंप वॉक प्रतियोगिता में दृष्टि घिल्डियाल ने प्रथम स्थान हासिल किया जबकि श्रुति भंडारी द्वितीय और अवंतिका तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजक आशा घिल्डियाल ने कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एक मंच पर लाने के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों की सराहना की। इस मौके पर प्रमिला भंडारी और डॉ. मारिसा पंवार ने भी आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पारंपरिक लोकाचार और उत्सवों की खुशियों को साझा करने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन सामाजिक मेल-मिलाप को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में अंजू भंडारी रक्षा भंडारी अंजनी भंडारी कल्पी भंडारी सुमन भंडारी सरिता डोभाल अनामिका भंडारी आकांक्षा कंडारी सुनीता भंडारी रुचि बहुगुणा रुचि काला और ज्योति रावत सहित श्रीनगर श्रीकोट चौरास और कलियासौड़ क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम का संचालन दीपिका खन्ना ने किया। गरबा-डांडिया की प्रस्तुतियों रैंप वॉक और महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से सजी इस शाम में नवरात्रि के उत्सव के साथ भारतीय संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *