प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में पौड़ी शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं। शहर में पार्किंग सुविधाओं के विस्तार के साथ ऐतिहासिक एवं विरासत स्थलों को नया स्वरूप देने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ.आर.राजेश ने शहर में निर्माणाधीन पार्किंग प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। जनपद मुख्यालय के अपर चोपड़ा में मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत निर्माणाधीन 30 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निरीक्षण करते हुए सचिव ने कार्य की प्रगति तेज करने को कहा। उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को पार्किंग का निर्माण एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने गढ़वाल मंडल विकास निगम के समीप निर्मित 70 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सचिव ने पावर हाउस क्षेत्र में प्रस्तावित 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग के लिए चिह्नित स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना की अनुमानित लागत का पुनर्मूल्यांकन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने और इसे शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। सचिव ने निर्माणाधीन हेरिटेज संग्रहालय एवं वीर भूमि स्थल का निरीक्षण करते हुए दोनों कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा। इसके साथ ही आवास विकास विभाग के अंतर्गत सर्किट हाउस स्थित गेस्ट हाउस का पहाड़ी शैली में नवीनीकरण करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन हेरिटेज संग्रहालय में सजावट संबंधी कार्यों के लिए भी आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने को कहा ताकि आगे की कार्रवाई समय पर की जा सके। सचिव डॉ. आर. राजेश ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में पौड़ी शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पार्किंग सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत पॉकेट पार्किंग विकसित करने के साथ बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में पार्किंग की उपलब्धता बढ़ेगी और यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही ऐतिहासिक एवं विरासत भवनों के संरक्षण और पुनरुद्धार से शहर की विशिष्ट पहचान को भी सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी अपर जिलाधिकारी पी.आर.चौहान अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग एल.पी.भट्ट और अवर अभियंता डीडीए रणवीर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
