प्रदीप कुमार
कैम्पटी-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 26 अक्टूबर 2026 को कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया है। बरामद शराब और बीयर की अनुमानित कीमत 86 हजार 400 रुपये बताई गई है। अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में कोतवाली कैम्पटी पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम सैन्जी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूके 07 टीडी 6108 से अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान सागर कुमार उम्र 19 वर्ष पुत्र नेकीराम निवासी ग्राम बरामपुर थाना लक्सर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक के कब्जे से इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब की आठ पेटियां बरामद कीं जिनमें कुल 96 बोतलें थीं। इसके अलावा टर्बोर्ग स्ट्रॉन्ग बीयर की आठ पेटियां भी बरामद की गईं। इस प्रकार कुल 16 पेटी अवैध शराब और बीयर बरामद हुई जिसकी अनुमानित कीमत 86 हजार 400 रुपये है। शराब तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली कैम्पटी में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया है। मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय रमन हेड कांस्टेबल मैराज आलम हेड कांस्टेबल पुष्कर राणा और कांस्टेबल शुभम शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी सहित किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जनपद में अपराध नियंत्रण कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है।
