प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में लग्जरी एवं स्लीपर बसों के विरुद्ध परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 चालान किए गए और तीन बसों को सीज किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी द्वारा अभियान संचालित किया गया। बसों की तकनीकी जांच के लिए संभागीय निरीक्षक प्राविधिक आनंद वर्धन भी अभियान में शामिल रहे। पड़ोसी राज्यों में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं के मद्देनजर परिवहन विभाग ने बसों की जांच तेज कर दी है। अभियान के दौरान यात्री सुरक्षा बसों की तकनीकी स्थिति और परमिट की शर्तों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी एवं स्लीपर बसों की सघन जांच के माध्यम से सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। चेकिंग के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र परमिट और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। इसके साथ ही संभागीय निरीक्षक प्राविधिक आनंद वर्धन ने बसों का तकनीकी निरीक्षण किया। बसों में किए गए अनधिकृत बदलाव और यात्री सुरक्षा से संबंधित मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। सुरक्षित संचालन को प्रभावित करने वाली कमियों और नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने बस संचालकों और चालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे वाहनों के आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखें और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही बसों का संचालन करें। संचालन से पहले बसों की तकनीकी स्थिति की जांच करने और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही परमिट की शर्तों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। लग्जरी एवं स्लीपर बसों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान करने और वाहन सीज करने सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
