प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा वरिष्ठ एवं एकल वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सम्मान और सहायता सुनिश्चित करने के साथ ही जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए जनसेवा एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद के देवप्रयाग छाम चंबा मुनि की रेती थत्यूड़ एवं कैम्पटी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने जनहित में विभिन्न पहल कीं। पुलिस कर्मियों ने वरिष्ठ एवं एकल वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य कुशलक्षेम तथा दैनिक जीवन में आने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पुलिस टीमों ने वरिष्ठ नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए टिहरी पुलिस सदैव तत्पर है। किसी भी समस्या अथवा आपात स्थिति में वे निःसंकोच पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान दूरभाष के माध्यम से भी वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम पूछी गई। इसी क्रम में कोतवाली कैम्पटी और थाना छाम पुलिस ने जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक खाद्य सामग्री एवं राशन वितरित कर सहयोग प्रदान किया। पुलिस ने क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और ग्राम प्रहरियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों विशेषकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा एवं कुशलक्षेम के प्रति सतर्क रहें। किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस टीमों ने सभी वरिष्ठ नागरिकों को थानों के मोबाइल नंबर और संबंधित हल्का एवं बीट प्रभारियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति परेशानी अथवा आवश्यकता के समय वे तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकें। पुलिस ने उनकी सूचना पर त्वरित आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा भी दिलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है। पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही जनसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। टिहरी पुलिस जनपदवासियों की सुरक्षा सम्मान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। वरिष्ठ एवं एकल वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करने के लिए इस प्रकार के जनहितकारी प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
