Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों एवं फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत थाना हिंडोलाखाल और थाना घनसाली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो वारंटियों को गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। थाना हिंडोलाखाल पुलिस ने गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में दिल्ली के सुल्तानपुरी से राजेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट टिहरी गढ़वाल द्वारा राजेन्द्र कुमार के विरुद्ध फौजदारी वाद संख्या 222/2025 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 117(3) के अंतर्गत गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। इसके अतिरिक्त उसके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 84 के अंतर्गत भी आदेशिका जारी की गई थी। पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए 24 अक्टूबर 2026 की मध्य रात्रि को सुल्तानपुरी दिल्ली में दबिश देकर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त राजेन्द्र कुमार की उम्र 50 वर्ष है। वह कलम सिंह का पुत्र है और मूल रूप से ग्राम मालूम मरोड़ा अंजनीसैंण जनपद टिहरी गढ़वाल का निवासी है। उसका वर्तमान पता सुल्तानपुरी दिल्ली है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एएसआई महावीर सिंह रावत और कांस्टेबल मुकेश चौधरी शामिल रहे। वहीं थाना घनसाली पुलिस ने 25 अक्टूबर 2026 को गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट के अनुपालन में हरीश प्रसाद भट्ट को गिरफ्तार किया। यह वारंट अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन नई टिहरी द्वारा परक्राम्य लिखत अधिनियम के अंतर्गत दर्ज मामले में जारी किया गया था। यह मामला कमला देवी बनाम हरीश प्रसाद भट्ट से संबंधित है। पुलिस टीम ने दबिश देकर अभियुक्त को अठूरवाला तहसील डोईवाला थाना डोईवाला जनपद देहरादून से गिरफ्तार किया। अभियुक्त को उसके विधिक अधिकारों से अवगत कराया गया और निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त हरीश प्रसाद भट्ट स्वर्गीय बच्ची राम भट्ट का पुत्र है और अठूरवाला तहसील डोईवाला थाना डोईवाला जनपद देहरादून का निवासी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनिल भट्ट और कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे। टिहरी पुलिस द्वारा वांछित अभियुक्तों एवं फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *