Spread the love

प्रदीप कुमार
रुड़की-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद में ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत रुड़की कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रतिदिन संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के अनुपालन में रुड़की कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने चेकिंग के लिए पुलिस टीमों का गठन कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया। साथ ही स्थान बदल-बदलकर चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। 26 अक्टूबर 2026 को सिविल लाइन क्षेत्र में चेकिंग के लिए तैनात पुलिस टीम ने आबकारी रोड रुड़की पर दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस ने दोनों की चेकिंग की तो उनके कब्जे से एक-एक 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को नियमानुसार हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कार्तिक पुत्र अमित कुमार निवासी गली नंबर 9 कृष्णा नगर कोतवाली गंगनहर जनपद हरिद्वार और हर्ष पुत्र जगपाल सिंह निवासी आजाद नगर पनियाला रोड कोतवाली गंगनहर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल दो 315 बोर के तमंचे बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह के साथ कांस्टेबल सुमन सिंह और कांस्टेबल गुलबहार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed