प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत टिहरी पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ पेंटिंग और वाद-विवाद तथा निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के साथ महिला सुरक्षा एवं विभिन्न सामाजिक और कानूनी विषयों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली चंबा पुलिस ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज उनियालसारी पुरानी टिहरी रोड चंबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को छेड़छाड़ और महिला अपराधों एवं साइबर अपराधों से बचाव तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों से अवगत कराया गया। आकस्मिक परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 और 1090 वुमेन पावर लाइन तथा 181 महिला हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया। इसमें छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और नशे की रोकथाम तथा यातायात जागरूकता एवं राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निबंध लेखन के माध्यम से अपने विचार व्यक्त करने का अवसर दिया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूकता और रचनात्मक सोच विकसित करने के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना पैदा करना है। इसके साथ ही कोतवाली चंबा पुलिस ने देहरादून डिफेंस कॉलेज कुमाल्डा में साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति एवं राष्ट्रीय एकता विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और फेक कॉल तथा फिशिंग लिंक एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं युवा पीढ़ी पर इसके घातक प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन और शिक्षकगण सहित लगभग 150 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसी क्रम में कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस ने सरस्वती विद्या मंदिर मढ़ी चौरास कीर्तिनगर में वाद-विवाद प्रतियोगिता और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा नशे के दुष्प्रभावों एवं पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत बाल सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। वहीं कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने चौकी नैनबाग क्षेत्र के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारकापुरी में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन परिचय और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय एकता और अखंडता एवं आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों तथा सोशल मीडिया प्राइवेसी एवं ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त कोतवाली नई टिहरी पुलिस ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज विश्वकर्मा पुरम में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। टिहरी पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना ही नहीं बल्कि युवाओं एवं विद्यार्थियों को जागरूक और जिम्मेदार तथा सशक्त नागरिक बनाना भी है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना विकसित करने और महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नशा एवं साइबर अपराध जैसी सामाजिक चुनौतियों से बचाव का संदेश दिया जा रहा है। टिहरी पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न अथवा अन्य असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
