प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। भारत रत्न लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने एमबीबीएस एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं के साथ प्रतिभाग किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर से श्रीकोट बाजार तक आयोजित एकता दौड़ में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए हम सभी को एक सशक्त समरस और एकजुट भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने सभी देशवासियों से एकता और अखंडता का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एएन पांडेय डॉ. दीपा हटवाल डॉ. सुरेंद्र सिंह डॉ.सचान भट्ट और डॉ.अमन भारद्वाज सहित मेडिकल कॉलेज के शिक्षक कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
