प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ ही देशवासियों के बीच आपसी सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प दिलाया। उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं प्रथम गृहमंत्री थे। देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान के सम्मान में उनकी जयंती 31 अक्टूबर को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
