प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद चमोली में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय परिसर गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। शपथ के माध्यम से देश की एकता और अखंडता बनाए रखने राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा देशवासियों के बीच आपसी सौहार्द भाईचारे एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके दूरदर्शी नेतृत्व दृढ़ इच्छाशक्ति एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया। स्वतंत्रता के पश्चात देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर एक सशक्त एवं अखंड भारत के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न शासकीय कार्यालयों शिक्षण संस्थानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकारियों कर्मचारियों शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता सामाजिक समरसता आपसी भाईचारे और देश की अखंडता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कई संस्थानों में राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
