Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए टिहरी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था के साथ यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली नई टिहरी एवं थाना थत्यूड़ पुलिस द्वारा स्थानीय व्यापारियों और व्यापार मंडल तथा टैक्सी यूनियन एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। कोतवाली नई टिहरी में आयोजित बैठक में क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी संजीवा कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नई टिहरी ऐश्वर्य पाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में व्यापार मंडल नई टिहरी एवं व्यापार मंडल बौराड़ी के सदस्यों तथा पटाखा व्यवसायियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन एवं यातायात प्रबंधन के साथ बाजार व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। वहीं थाना थत्यूड़ में थानाध्यक्ष महावीर सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्थानीय व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ प्रबंधन और पार्किंग एवं अग्नि सुरक्षा के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। दोनों बैठकों में पुलिस द्वारा व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों को निर्देश दिए गए कि दीपावली के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस प्रशासन का आवश्यक सहयोग करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही प्रयोग करें तथा सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें। दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों का आवागमन बाधित न हो। पटाखा व्यवसायियों को पटाखों की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार करने तथा दुकानें खुले एवं निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही लगाने को कहा गया। दुकानों पर भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए पटाखों की दुकानों सहित संबंधित प्रतिष्ठानों पर अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने और उनके उपयोग की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही पानी एवं रेत की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। पटाखों का भंडारण एवं बिक्री निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों के अनुरूप करने तथा ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित दूरी पर रखने को कहा गया। पुलिस ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा सुरक्षा एवं यातायात संबंधी नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *