Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न उल्लंघनों में 127 चालान किए गए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि विभिन्न अभियोगों में दर्ज 67 चालानों के अतिरिक्त ओवरस्पीडिंग के 60 चालान किए गए। इस प्रकार कुल 127 चालानों की कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने और दोपहिया वाहन पर हेलमेट का प्रयोग नहीं करने तथा निर्धारित सीमा से अधिक सवारी बैठाने एवं सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। व्यावसायिक वाहनों की जांच के दौरान वैध परमिट के बिना वाहन संचालन और कर भुगतान के प्रमाण प्रस्तुत नहीं करने तथा उत्तराखंड प्रवेश उपकर से संबंधित अनियमितताओं पर भी चालान किए गए। इसके अलावा यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और प्रभावी ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाने के मामलों में भी कार्रवाई की गई। अभियान में परिवहन कर अधिकारी रविन्द्र पाल सैनी सहित परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तेज गति से चलने वाले वाहनों और दोपहिया वाहन चालकों द्वारा सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर विशेष ध्यान दिया गया। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें। चालक और पीछे बैठने वाली सवारी दोनों हेलमेट का प्रयोग करें तथा चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। व्यावसायिक वाहन संचालक वैध परमिट और कर भुगतान सहित अन्य आवश्यक अभिलेख सुनिश्चित करने के बाद ही वाहनों का संचालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा का आधार है। वाहन चालकों की लापरवाही से अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा प्रभावित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *