प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में एकांत स्थान पर राह चलते व्यक्ति से लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 4200 रुपये की नकदी और मोबाइल फोन के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस की मैनुअल और डिजिटल पुलिसिंग के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। जानकारी के अनुसार 2 नवंबर 2026 को अनुज पुत्र गजे निवासी ग्राम शिवगढ़ थाना पथरी जनपद हरिद्वार ने कोतवाली लक्सर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 नवंबर 2026 की देर रात मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए 5000 रुपये की नकदी तथा सैमसंग कंपनी का ए36 5जी मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया। राहगीर के साथ हुई लूटपाट की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने घटना के खुलासे के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर विभिन्न माध्यमों से आवश्यक जानकारियां जुटाईं। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित जानकारी एकत्रित करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों के हुलिये एवं अन्य जानकारियां जुटाई गईं। इसके बाद 3 नवंबर 2026 को चेकिंग के दौरान लक्सर क्षेत्र से तीन संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इनके हुलिये वारदात में शामिल आरोपियों से मेल खाते थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 4200 रुपये की नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि वे अच्छे दोस्त हैं और अपने महंगे शौक तथा निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए एकांत स्थानों पर राह चलते लोगों को डराते-धमकाते थे। इसके बाद उनसे नकदी और कीमती सामान छीनकर आपस में बांट लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय उर्फ बाबा पुत्र मेहर सिंह निवासी ग्राम सूखेड़ी थाना गंगोह तहसील नकुड़ जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश। विशाल पुत्र सुभाष निवासी ग्राम भट्टीपुर थाना पथरी जनपद हरिद्वार और विक्की पुत्र सुरेश पाल निवासी ग्राम दाबकी कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी अजय उर्फ बाबा से 1500 रुपये और आरोपी विशाल से 1600 रुपये तथा आरोपी विक्की से 1100 रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा वादी से लूटा गया सैमसंग कंपनी का ए36 5जी मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल यूके 08 बीएफ-0998 तथा यूके 08 एएक्स-3928 नंबर की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस ने वादी का आधार कार्ड और काले रंग का एक बैग भी बरामद किया है। पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी और वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट के साथ उपनिरीक्षक एवं चौकी सुल्तानपुर प्रभारी बीरेन्द्र सिंह नेगी तथा कांस्टेबल अजीत तोमर और जगत सिंह तथा नरेश नेगी और किशोर नेगी शामिल रहे।
