Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में जिलेभर में स्वीप के माध्यम से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में बाल गंगा महाविद्यालय सेन्दुल (केमर) में मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचन शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व की जानकारी दी गई तथा लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई। महाविद्यालय के स्वीप संयोजक डॉ. मुकेश नैथानी ने बताया कि कार्यक्रम में 67 छात्र-छात्राओं सहित कुल 70 लोगों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में आगे भी मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाती रहेंगी। स्वीप नोडल अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और स्वयं सहायता समूहों के साथ ही महिला मंगल दलों एवं युवा मंगल दलों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत राजकीय महाविद्यालय पावकी देवी में मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। वहीं राजकीय महाविद्यालय टिहरी में मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित हुआ। राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में शपथ के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं तथा राजकीय महाविद्यालय पोखरी क्वीली में भी शपथ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से युवाओं और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के साथ ही उनमें मतदान के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित किया जा रहा है। विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों के जरिए मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शपथ ग्रहण के साथ निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के अलावा पोस्टर एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से भी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *