Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली के थाना नंदानगर पुलिस की तत्परता और सक्रियता से घर से लापता हुई एक बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार आज 4 नवंबर 2026 को थाना नंदानगर में परिजनों ने सूचना दी कि उनकी बालिका बिना बताए घर से कहीं चली गई है। बालिका के लापता होने से चिंतित परिजनों ने पुलिस से सहायता मांगी। सूचना मिलते ही थाना नंदानगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इसकी जानकारी कोतवाली चमोली को दी। इसके बाद बालिका का फोटो और आवश्यक विवरण जनपद के पुलिस व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सभी संबंधित थानों और चौकियों में साझा किया गया ताकि बालिका की शीघ्र तलाश की जा सके। सूचना मिलते ही चौकी नंदप्रयाग पुलिस सक्रिय हो गई और क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों की सघन चेकिंग के साथ तलाश अभियान चलाया गया। पुलिस कर्मियों की सतर्कता और तत्परता के चलते नंदप्रयाग बगड़ के समीप बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद परिजनों को फोन के माध्यम से बालिका के सकुशल मिलने की सूचना दी गई और बालिका को उसके चाचा के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बालिका को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशीलता के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। बालिका की तलाश और सकुशल बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल सुनील पंथवाल और कांस्टेबल पंकज मैखुरी तथा होमगार्ड विमल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *