Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय पौड़ी में पैनल अधिवक्ताओं एवं जिला विधिक सहायता रक्षा प्रणाली (एलएडीसीएस) के अधिवक्ताओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाज़िश कलीम ने की। बैठक में सचिव ने पैनल अधिवक्ताओं एवं एलएडीसीएस के अधिवक्ताओं को आवंटित वादों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिवक्ता अपने आवंटित मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित सुनवाई और प्रगति पर नजर रखें। उन्होंने निर्धारित तिथियों पर न्यायालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर पक्षकारों का पक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा जमानत प्रार्थना-पत्रों एवं अन्य आवश्यक विधिक आवेदनों को समयबद्ध रूप से दाखिल करने के निर्देश दिए। साथ ही अनावश्यक स्थगन से बचने और प्रत्येक माह प्रकरणों की पैरवी एवं अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। सचिव ने निःशुल्क विधिक सहायता के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध और प्रभावी कानूनी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता लाभार्थियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें तथा उनके मामलों की पैरवी में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतें ताकि जरूरतमंद व्यक्तियों को न्याय प्राप्त करने में आवश्यक विधिक सहयोग मिल सके। बैठक में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विधिक जागरूकता अभियानों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। सचिव ने कहा कि पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को उनके विधिक अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के प्रति जागरूक किया जाए ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अथवा अन्य कारणों से न्याय पाने के अवसर से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed