Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी) रुद्रप्रयाग में 14 दिवसीय जूट उत्पाद उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न गांवों से आई महिलाओं एवं युवतियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्घाटन लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह असवाल एवं आरसेटी निदेशक अरुण कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह असवाल ने कहा कि कौशल विकास से जुड़े प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे प्रशिक्षणों से प्रतिभागियों को नया हुनर सीखने के साथ ही अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिलता है। आरसेटी निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि संस्थान द्वारा 18 से 50 वर्ष तक के युवक-युवतियों एवं महिलाओं को विभिन्न व्यावसायिक ट्रेडों में निरंतर निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कौशलयुक्त बनाकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के रहने खाने और प्रशिक्षण सामग्री सहित सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। आरसेटी प्रशिक्षक भूपेंद्र रावत ने प्रतिभागियों को स्वरोजगार एवं उद्यमशीलता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वरोजगार आत्मनिर्भरता का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया बाजार की मांग ग्राहकों की आवश्यकता तथा स्वयं के उद्यम को आगे बढ़ाने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। साथ ही प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त हुनर का उपयोग व्यवसाय के रूप में करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान का प्रयास है कि प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं एवं युवा हुनरमंद बनें और स्वयं का रोजगार स्थापित करें। इससे वे अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed