प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। दिनांक 04 नवंबर 2026 को एक स्थानीय निवासी ने कोतवाली कर्णप्रयाग पहुंचकर सूचना दी कि उनकी पत्नी अपनी नाबालिग बेटी को लेकर बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद भी मां और बेटी का कोई पता नहीं चल पाया। मामले की संवेदनशीलता और महिला एवं नाबालिग बालिका की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की। गठित पुलिस टीम ने कुशलतापूर्वक सुरागरसी और पतारसी करते हुए गुमशुदा महिला के संबंध में कई संभावित स्थानों पर जाकर जानकारी जुटाई। पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए गए। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 05 नवंबर 2026 को महिला और उसकी नाबालिग बेटी को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस प्रकार कर्णप्रयाग पुलिस ने गुमशुदगी की सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर महिला और नाबालिग बालिका को बरामद कर सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया।
