प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन रुद्रप्रयाग की टीम ने गुप्तकाशी और नाला तथा नारायणकोटि क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए अभियान चलाया। अभियान के दौरान मुख्य रूप से परचून और मिष्ठान की दुकानों में स्वच्छता एवं खाद्य गुणवत्ता संबंधी मानकों की जांच की गई। इसके साथ ही मिठाई की दुकानों पर बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की ट्रे का भी निरीक्षण किया गया। गुप्तकाशी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ मिठाई विक्रेताओं द्वारा बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और उपभोग की अंतिम तिथि अंकित नहीं की गई थी। इस पर खाद्य विभाग की टीम ने व्यापार मंडल अध्यक्ष गुप्तकाशी का सहयोग लेते हुए सभी मिष्ठान विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों का पूरी तरह पालन करने की कड़ी हिदायत दी। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज सेमवाल और फूड सुपरवाइजर सतवीर रावत के नेतृत्व में किए गए इस औचक निरीक्षण के दौरान गुप्तकाशी क्षेत्र के पांच खाद्य प्रतिष्ठानों से पेठा मिठाई और गुलाब जामुन तथा सोन पापड़ी एवं बेसन के नमूने एकत्रित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
