प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। सहस्रधारा स्थित आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या का वैज्ञानिक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने और रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में जिला प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार की है। इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में 12 नवंबर 2026 को संबंधित विभागों और विशेषज्ञों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईटी पार्क क्षेत्र के लिए तैयार किए गए ड्रेनेज सिस्टम तथा राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के कैनाल रिवरफ्रंट एवं इको पार्क विकसित करने की कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रस्तुत कार्ययोजना के अनुसार आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव तैयार किया गया है। वहीं राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के कैनाल रिवरफ्रंट एवं इको पार्क के विकास पर लगभग 2.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने रिस्पना रिवरफ्रंट विकसित करने के प्रस्ताव पर जिला योजना और जिला खनिज फाउंडेशन यानी डीएमएफ फंड से धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो और सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। इसके साथ ही उन्होंने आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तैयार लगभग 38 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को शासन स्तर पर भेजने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव की समस्या का समाधान केवल तात्कालिक उपायों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों प्राकृतिक जल निकासी मार्गों और वर्षा जल के प्रवाह का वैज्ञानिक आकलन करते हुए दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सिंचाई विभाग के माध्यम से चिन्हित कंसल्टेंसी के विशेषज्ञों को आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव के कारणों का गहन तकनीकी सर्वेक्षण कर ठोस एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी क्रम में एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधियों ने ड्रेनेज सिस्टम और रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्तावों का तकनीकी प्रस्तुतीकरण किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह सिंचाई विभाग के अधिकारी ईआर पुरुषोत्तम जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार तथा एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
