Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्ष्मणझूला/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान लगातार जारी है। नशे की सप्लाई चेन से जुड़े व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 12 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला के नेतृत्व में कोतवाली लक्ष्मणझूला पुलिस टीम द्वारा भीमगोड़ा बैराज तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी संख्या यूके 12 डी 0321 पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 7.63 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रामपुर से स्मैक खरीदकर योग नगरी में लाते थे और यहां आने वाले यात्रियों एवं अन्य व्यक्तियों को छोटी-छोटी मात्रा में बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए। इसके साथ ही मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी कब्जे में लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सूरज पुरी पुत्र महेश पुरी निवासी श्रीनगर जनपद पौड़ी गढ़वाल उम्र 35 वर्ष और राहुल रावत पुत्र स्वर्गीय यशपाल रावत निवासी जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध कोतवाली लक्ष्मणझूला में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह कांस्टेबल वीरेन्द्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल भीष्म देव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *