Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी देहरादून महानगर कार्यालय में 12 नवंबर 2026 को महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर महानगर की सभी विधानसभा क्षेत्रों और शक्ति केंद्रों में राज्य महोत्सव एवं सम्मेलन आयोजित करने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने बताया कि 13 नवंबर से 15 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड राज्य स्थापना के गौरवशाली इतिहास और राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं बलिदान को याद करते हुए प्रदेश की विकास यात्रा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। बैठक में मुख्य वक्ता एवं महानगर प्रभारी राकेश गिरी तथा सह प्रभारी संजय गुप्ता ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस सभी के लिए गौरव सम्मान और आत्मगौरव का अवसर है। राज्य निर्माण के लिए अनेक आंदोलनकारियों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सभी को राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य की स्थापना के पीछे वर्षों का संघर्ष त्याग और बलिदान जुड़ा हुआ है। आज प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को भव्य एवं सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले राज्य महोत्सव एवं सम्मेलनों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में महानगर उपाध्यक्ष संध्या थापा सुनील शर्मा राजेश कंबोज संकेत नौटियाल और ओम कक्कड़ मौजूद रहे। इसके अलावा महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी और विजेंद्र थपलियाल तथा मंत्री मोहित शर्मा जगदीश सेमवाल समीर डोभाल विनोद शर्मा बबलू बंसल प्रदीप कुमार मोतीराम बलदेव नेगी महिपाल और विजय पाल उपस्थित रहे। मंडल अध्यक्ष पूनम शर्मा सुषमा कुकरेती पंकज शर्मा और सुमित पांडे सहित मंडल अध्यक्ष मंडल महामंत्री विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *