प्रदीप कुमार
नरेंद्रनगर/टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी जनपद को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस का नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में थाना नरेंद्रनगर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक युवक को 11.50 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 12 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार पुत्र सोहन लाल उम्र 32 वर्ष निवासी चौदह बीघा परिजात स्कूल के पीछे थाना मुनिकीरेती जनपद टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह स्मैक अपने नशे के सेवन और बिक्री के उद्देश्य से लाया था। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना मुनिकीरेती में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह हेड कांस्टेबल रामकुमार और कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने कहा कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के कारोबार अथवा मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
