Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्सर/हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आदतन अपराधियों एवं गुंडा तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली लक्सर पुलिस ने एक और आदतन अपराधी को एक माह के लिए जिला बदर किया है। जिलाधिकारी के आदेश पर गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए आकाश उर्फ भोला पुत्र विक्रम सिंह निवासी दाबकी कला थाना लक्सर जनपद हरिद्वार हाल निवासी वार्ड नंबर एक लक्सर को जिला बदर किया गया। पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराते हुए आरोपी को जनपद हरिद्वार की सीमा से बाहर जनपद मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश रवाना किया। इस दौरान आरोपी को सख्त हिदायत दी गई कि जिला बदर की निर्धारित एक माह की अवधि के दौरान वह किसी भी स्थिति में जनपद हरिद्वार की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। पुलिस के अनुसार जिला बदर किए गए आकाश उर्फ भोला का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2023 में कोतवाली लक्सर में शस्त्र अधिनियम से संबंधित दो मामले दर्ज हुए थे। इसके अतिरिक्त वर्ष 2024 में भी इसी प्रकार का एक मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध दर्ज आपराधिक मामलों को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय हेड कांस्टेबल मनोज मलिक हेड कांस्टेबल अरविन्द रावत और कांस्टेबल नवीन चन्द शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *