प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी शीतकाल एवं संभावित शीतलहर और बर्फबारी के दृष्टिगत जनपद में आमजन की सुरक्षा राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शीतलहर से बचाव के लिए समस्त नगर निकायों एवं तहसील क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों बस स्टैंड रेलवे स्टेशन अस्पतालों तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर अलाव जलाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वन विभाग जिला लॉटिंग अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय से इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शीतलहर से प्रभावित होने वाले निर्धन असहाय निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को समय से कंबल उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए तहसील स्तर पर पर्याप्त संख्या में कंबलों की उपलब्धता और वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में प्रभारी अधिकारी सीआरए अनुभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न समय से पहुंचा दिया जाए। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी रैन बसेरों में ठहरने वाले व्यक्तियों के लिए पर्याप्त बिस्तर कंबल स्वच्छ पेयजल प्रकाश शौचालय साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में रैन बसेरों के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएं और नियमित निरीक्षण किया जाए। व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखी जाए ताकि जरूरतमंद लोगों को ठंड के दौरान सुरक्षित एवं सुविधाजनक आश्रय मिल सके। उन्होंने जनपद के दुर्गम पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शीतलहर और बर्फबारी के दौरान खाद्यान्न पेयजल ईंधन तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण किया जाए ताकि प्रतिकूल मौसम के दौरान स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि बर्फबारी वाले दुर्गम क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को समय से चिह्नित किया जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें नजदीकी चिकित्सालय के समीप सुरक्षित स्थानों पर रखा जा सके। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि शीतकाल के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सकों की सूची उनके मोबाइल नंबर तथा निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों का विवरण सुव्यवस्थित रखा जाए। अस्पतालों में आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों चिकित्सा उपकरणों गर्माहट की व्यवस्था एवं एंबुलेंस सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। जिलाधिकारी ने शीतकाल एवं बर्फबारी के दौरान प्रभावित होने वाले मार्गों को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेसीबी स्नो कटर स्नो ब्लोअर सहित नमक एवं चूना जैसे आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। संवेदनशील मार्गों पर आवश्यकतानुसार चेतावनी संकेतक लगाए जाएं तथा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों एवं चालकों की ड्यूटी निर्धारित की जाए। इसके साथ ही ऐसे क्षेत्रों में बर्फबारी के दौरान विद्युत एवं पेयजल व्यवस्थाएं सुचारू रखने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं। जिलाधिकारी ने शीतकाल के दौरान जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित मार्ग अवरोध अत्यधिक ठंड एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति में पर्यटकों को समय से आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को ऐसे ट्रैक चिह्नित करने के निर्देश दिए जहां मौसम खराब होने के दौरान पर्यटकों के फंसने की संभावना रहती है। पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को चिह्नित कर अलाव की व्यवस्था के साथ पर्याप्त कंबल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि जरूरतमंद लोगों को समय से राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। पशुओं की सुरक्षा के संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि शीतलहर एवं पाले से पशुओं को बचाने के लिए पशु चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयों एवं उपचार सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय एवं देखभाल की व्यवस्था की जाए तथा चारा बैंकों में पर्याप्त मात्रा में चारे की उपलब्धता बनाए रखी जाए। उन्होंने मानव-पशु संघर्ष की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपने दायित्वों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करें तथा आपसी समन्वय बनाए रखते हुए जनपदवासियों को शीतलहर बर्फबारी एवं प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण करते हुए तैयारियों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के.मिश्रा उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह अपर नगर मजिस्ट्रेट रविंद्र जुवांठा जिला पूर्ति अधिकारी के.के.अग्रवाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा नगर निगम नगर निकाय लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ग्रामीण निर्माण विभाग वन विभाग विद्युत एवं पेयजल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उप जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।
