Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने थाना थत्यूड़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय अभिलेखों मालखाना शस्त्रागार सीसीटीएनएस भोजनालय साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना थत्यूड़ के नवीन प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि थाना थत्यूड़ के प्रशासनिक भवन का निर्माण किए जाने के लिए उत्तराखंड पेयजल निगम से विस्तृत प्राक्कलन तैयार कराए गए हैं। इन प्राक्कलनों को पुलिस मुख्यालय के माध्यम से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए उत्तराखंड शासन को भेजा गया है। शासन स्तर से इस संबंध में सहमति एवं स्वीकृति प्रदान की जानी है। इसके बाद एसएसपी ने थाना पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर लंबित विवेचनाओं जनशिकायतों अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी मामलों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त प्रभावी चेकिंग एवं संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। एसएसपी ने थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिसिंग में पारदर्शिता जवाबदेही एवं जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *