Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत अपराधियों एवं वांछित आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने दूधियाबंद बस्ती के बिजली घर के पास जंगल में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चाकू भी बरामद किया है। आरोपी की पहचान गजराज कश्यप पुत्र रघुवीर कश्यप निवासी ग्राम मोमिनपुर दर्गा कोतवाली बिजनौर जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 17 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत दूधियाबंद बस्ती में बिजली घर के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। इस मामले में कोतवाली नगर हरिद्वार में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी को सौंपी गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने 21 सितंबर 2026 और 3 अक्टूबर 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें बिजनौर जनपद के ग्राम मोमिनपुर दर्गा निवासी एक महिला तथा नरेंद्र पुत्र ओमप्रकाश और गोविंद पुत्र ओमप्रकाश शामिल थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया था कि 16 सितंबर 2026 की रात उन्होंने सह आरोपी गजराज के साथ मिलकर गंगा किनारे बिजली घर के पास दूधियाबंद की खाली जगह पर गोपाल पुत्र उमाचरण निवासी नई बस्ती आबकारी चौकी के निकट बिजनौर उत्तर प्रदेश की चापड़ और चाकू से हत्या की थी। इस मामले में गजराज कश्यप लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फरार इनामी आरोपी की तलाश में कोतवाली नगर पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अध्ययन करने के साथ सुरागरसी और पतारसी तथा मुखबिर तंत्र के माध्यम से जानकारी जुटाई। इसी क्रम में 11 और 12 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि चंडी चौक हरिद्वार से फरार इनामी आरोपी गजराज कश्यप को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चाकू भी बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी उपनिरीक्षक नवीन चौहान कांस्टेबल वीरेंद्र तोमर और कांस्टेबल लखन सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *