प्रदीप कुमार
रानीपुर/हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने सेक्टर-1 बीएचईएल क्षेत्र में एक ही रात में घर और दुकान में हुई चोरी की दो घटनाओं का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घर से चोरी किए गए जेवरात और दुकान से चोरी की गई तिल के तेल की दो पेटियां बरामद की हैं। बरामद तेल की पेटियों में कुल 36 बोतलें हैं। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के सेक्टर-1 बीएचईएल निवासी एक महिला के घर में 10 नवंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोर घर की अलमारी से कान के झुमके सोने की अंगूठी चांदी के दो जोड़ी बिछुए हाथ की घड़ी और टी-शर्ट सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में महिला की शिकायत पर 11 नवंबर 2026 को कोतवाली रानीपुर में मामला दर्ज किया गया था। इसी रात सेक्टर-1 बीएचईएल निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र चित्रागंद की दुकान का गेट तोड़कर चोरों ने तिल के तेल की दो पेटियां चोरी कर ली थीं। चोरों ने दुकान का सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस संबंध में भी 11 नवंबर 2026 को कोतवाली रानीपुर में मामला दर्ज किया गया। एक ही रात में हुई चोरी की दोनों घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। साथ ही सीआईयू हरिद्वार को तकनीकी सहायता और महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर संदिग्ध गतिविधियों का आकलन किया। आसपास रहने और काम करने वाले लोगों से पूछताछ की गई तथा विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अध्ययन किया गया। पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद 11 नवंबर 2026 की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-1 आर्य समाज मंदिर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप पुत्र मदन निवासी भभूतावाला बाग निकट शिवलोक कॉलोनी थाना रानीपुर तथा सुदीप पुत्र प्रदीप निवासी वाटर वर्क्स कॉलोनी निकट शिवलोक कॉलोनी थाना रानीपुर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घर से चोरी किए गए एक जोड़ी कान के झुमके एक अंगूठी दो जोड़ी बिछुए और दो हाथ की घड़ियां बरामद की हैं। इनमें फास्टट्रैक और फैक्टर कंपनी की घड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा दुकान से चोरी की गई तिल के तेल की दो पेटियां भी बरामद की गई हैं जिनमें कुल 36 बोतलें हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि 10 नवंबर 2026 की रात उन्होंने सेक्टर-1 में एक घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। घर के लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मौका देखकर अलमारी खोल ली और उसमें रखे एक जोड़ी कान के झुमके एक अंगूठी दो जोड़ी बिछुए और दो हाथ की घड़ियां चोरी कर ली थीं। चोरी किए गए जेवरात और घड़ियों को दोनों ने आपस में बांट लिया था। इसके बाद दोनों पास की एक दुकान का गेट तोड़कर अंदर घुसे। वहां पैसे नहीं मिलने पर उन्होंने तिल के तेल की दो पेटियां चोरी कर लीं और उन्हें झाड़ियों में छिपा दिया। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का सामान लेने के लिए वहां आए थे और जेवरात एवं तेल की पेटियां बेचकर कहीं दूसरी जगह जाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संदीप का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2023 में कोतवाली रानीपुर में चोरी और घर में घुसकर चोरी करने से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2024 में कोतवाली नगर हरिद्वार में भी चोरी का मामला दर्ज हुआ। इसके अलावा वर्ष 2024 में कोतवाली रानीपुर और ज्वालापुर में चोरी से संबंधित मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2025 में थाना रानीपुर में शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2026 में थाना ज्वालापुर में भी चोरी से संबंधित मामला दर्ज हुआ है। वहीं दूसरे आरोपी सुदीप के विरुद्ध भी वर्ष 2026 में थाना ज्वालापुर में चोरी से संबंधित मामला दर्ज होना सामने आया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी उपनिरीक्षक पुनीत दनोसी चौकी प्रभारी सुमननगर हेड कांस्टेबल अमित चौधरी कांस्टेबल दिग्पाल सिंह कांस्टेबल विवेक गुसाईं कांस्टेबल प्रेम दानू और कांस्टेबल अमित राणा शामिल रहे।
