प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र धनौल्टी के अंतर्गत थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ स्थित हेलीपैड पहुंचे जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपदवासियों को 52 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 22 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये योजनाएं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना लोक निर्माण विभाग ग्रामीण निर्माण विभाग प्राधिकरण शिक्षा विभाग पशुपालन विभाग सिंचाई विभाग लघु सिंचाई एवं सामुदायिक विकास योजना से संबंधित हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में जौनपुर महोत्सव की शुरुआत क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। इस महोत्सव के माध्यम से क्षेत्रीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही स्थानीय लोकगीत लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित किया जाता है। खेल गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराया जाता है ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति लोक परंपराओं और विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलता है। उन्होंने खेलो इंडिया एवं फिट इंडिया जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से उत्तराखंड के युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने और सख्त नकल विरोधी कानून बनाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इसके साथ ही लैंड जिहाद के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण का कार्य गतिमान है तथा तिवाड़ गांव को होम स्टे गांव के रूप में विकसित किया गया है। प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए एक जनपद एक उत्पाद जैसी योजनाओं के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हिमालय हाट जैसे प्रयास भी स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारपूर्ण कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेब मिशन के अंतर्गत सेब उत्पादन के साथ-साथ अदरक कीवी केसर फूल आलू एवं रोजमैरी जैसी विभिन्न पहाड़ी फसलों की खेती कर कबूल चंद पुंडीर स्वरोजगार एवं आधुनिक कृषि को बढ़ावा दे रहे हैं। इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र तथा कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को जौनपुर रत्न सम्मान से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान गढ़वाली भाषा में रामायण एवं महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद करने के उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदान किया गया। स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि जौनपुर महोत्सव कई वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और यह नई पीढ़ी को समर्पित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लागू नकल विरोधी कानून एवं समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण कानूनों से क्षेत्र के युवाओं सहित प्रदेश के अनेक लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल सिंचाई पंपिंग योजनाओं तथा कृषि एवं उद्यान क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग कृषि एवं उद्यान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। धनौल्टी पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों को लाभ के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत विभिन्न कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इनमें धनौल्टी क्षेत्र में 11 केवी विद्युत लाइन तथा पॉलिटेक्निक संस्थान की शुरुआत सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। उन्होंने क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं को रखते हुए नागटिब्बा के लिए सात किलोमीटर मोटर मार्ग थत्यूड़ बाईपास के तीन किलोमीटर मोटर मार्ग तथा नागराजाधार मोटर मार्ग को स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धनौल्टी मोरियाणा से नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति देने की बात कही। इसके साथ ही पालीगाड से थत्यूड़ बाजार तक आवासीय बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये तथा भवान बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए चार करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा भी की। इसके अलावा विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांग पत्रों को विचारोपरांत घोषणाओं में शामिल करने की बात कही। कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत पूर्व विधायक महावीर रांगड़ नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि महोत्सव समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
