प्रदीप कुमार
कीर्तिनगर/टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना कीर्तिनगर क्षेत्र के जियंलगढ़ में होटल पिकनिक के समीप 13 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:45 बजे एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना कीर्तिनगर से एसएसआई कुंवर राम आर्य पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम ने देखा कि स्विफ्ट कार संख्या यूके 07 बीडब्ल्यू 5263 सड़क से करीब 30 मीटर नीचे पेड़ों के बीच खाई में गिरी हुई थी। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और खाई में उतरकर स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कार्रवाई की। कार में कुल तीन लोग सवार थे जिनमें चालक उसकी पत्नी और उसकी 78 वर्षीय बुजुर्ग माता शामिल थीं। पुलिस टीम ने त्वरित एवं समन्वित प्रयास करते हुए तीनों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कार चालक किशनलाल और उनकी पत्नी ममता कपरवान सुरक्षित पाए गए जबकि उनकी 78 वर्षीय माता शंकरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने तत्काल आपातकालीन सेवा 112 की सहायता से घायल महिला को उपचार के लिए श्रीकोट स्थित श्रीनगर अस्पताल भिजवाया। कार में सवार किशनलाल पुत्र स्वर्गीय देवी प्रसाद उम्र 58 वर्ष निवासी गंगोत्री विहार जोगीवाला देहरादून उनकी पत्नी ममता कपरवान उम्र 52 वर्ष और उनकी माता शंकरी देवी पत्नी स्वर्गीय देवी प्रसाद उम्र 78 वर्ष थीं। टिहरी पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर तत्परता और संवेदनशीलता के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे तीनों लोगों को शीघ्र बाहर निकाला जा सका तथा गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली। टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।
