प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद मुख्यालय पौड़ी में शरदोत्सव 2026 के अंतर्गत शनिवार 14 नवंबर को वार्डवार फुटबॉल प्रतियोगिता का उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व ब्लॉक प्रमुख पौड़ी दीपक खुगसाल ने किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला वार्ड संख्या 4 और वार्ड संख्या 2 की टीमों के बीच खेला गया। इसमें वार्ड संख्या 4 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड संख्या 2 को 5-0 के बड़े अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में वार्ड संख्या 10 और वार्ड संख्या 7 की टीमों के बीच मैच निर्धारित था लेकिन वार्ड संख्या 10 की टीम के खिलाड़ी उपस्थित नहीं हुए। इसके चलते वार्ड संख्या 7 को वॉकओवर के माध्यम से विजेता घोषित किया गया। शरदोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना वार्ड स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा आपसी मेलजोल और खेल भावना को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी और अधिशासी अधिकारी संजय कुमार उपस्थित रहे।
