प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। साईं बाबा मंदिर के दानपात्र से चोरी की घटना का लक्सर पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई धनराशि में से 4 हजार 850 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी नशे के आदी हैं। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल तरीके से जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। जानकारी के अनुसार 14 नवंबर 2026 को अवनीश शर्मा निवासी साईं मंदिर सोसायटी रोड लक्सर हरिद्वार ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया कि 10 नवंबर 2026 को साईं बाबा मंदिर के दानपात्र से अज्ञात चोरों ने लगभग 10 से 12 हजार रुपये की धनराशि चोरी कर ली है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर प्रवीण कोश्यारी ने उच्चाधिकारियों के निर्देशन में उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ डिजिटल साक्ष्यों की जांच की और संदिग्धों पर लगातार निगरानी रखी। पुलिस टीम के प्रयासों और चेकिंग के दौरान 14 नवंबर 2026 को घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में खेमचंद उर्फ खेमा पुत्र देशराज निवासी ढाढेकी कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार उम्र 21 वर्ष और लोकेश पुत्र कंवरपाल निवासी ढाढेकी कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार उम्र 25 वर्ष तथा कृष्णा उर्फ गोलू पुत्र जसवीर निवासी ढाढेकी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई धनराशि में से 4 हजार 850 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय और हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश तथा हेड कांस्टेबल अरविन्द और हेड कांस्टेबल शमशेर शामिल रहे।
