प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी टिहरी गढ़वाल में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जागरूकता एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान सांस्कृतिक विरासत तथा सामाजिक एवं आर्थिक विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम का संचालन डॉ.ईरा सिंह ने किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी उनके संघर्षपूर्ण जीवन सामाजिक चेतना तथा ब्रिटिश शासन के विरुद्ध उनके ऐतिहासिक आंदोलन पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों स्वाभिमान जल जंगल और जमीन तथा सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उनका जीवन आज भी अन्याय शोषण और सामाजिक असमानता के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। डॉ.ईरा सिंह ने भारत सरकार द्वारा जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सम्मानित करने तथा जनजातीय समुदायों के संरक्षण संवर्धन एवं सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से आवास स्वरोजगार शिक्षा स्वास्थ्य कौशल विकास तथा आर्थिक सशक्तीकरण से संबंधित योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजातीय समाज का विकास राष्ट्र के समावेशी विकास का महत्वपूर्ण आधार है। इस अवसर पर महाविद्यालय की स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. मीना ने मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को मतदाता पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया एवं मतदान के महत्व के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी को आवश्यक बताते हुए युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के विकास एवं राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देश के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के अनेक वीर नायकों एवं नेतृत्वकर्ताओं ने अद्वितीय योगदान दिया है जिसे सदैव स्मरण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य में भी अनेक जनजातीय समुदाय निवास करते हैं जिनकी अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक परंपराएं भाषा लोकज्ञान एवं जीवनशैली है। उन्होंने प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों से जनजातीय समुदायों के सामाजिक आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए शोध अनुसंधान तथा परियोजनाओं के निर्माण की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा इस क्षेत्र में शोध एवं विकास कार्यों के लिए विभिन्न अनुदान योजनाएं संचालित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों की संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ शिक्षा स्वास्थ्य रोजगार एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए भी सार्थक प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक से अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं को मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास उनके योगदान एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए किया गया।
