प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं के चयन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने योजना के तहत प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों का गहनता से परीक्षण करने के निर्देश दिए। प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भगवती प्रसाद त्रिवेदी ने बताया कि योजना के लिए कुल 416 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें प्रारंभिक जांच में 28 आवेदन अपात्र पाए गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने शेष सभी आवेदनों का आगामी 10 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से सत्यापन पूरा कर अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ताकि पात्र छात्राओं को समय पर योजना का लाभ मिल सके। योजना के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा निर्धारित अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाली पात्र अल्पसंख्यक बालिकाओं को प्रोत्साहन राशि दी जाती है। कक्षा 10वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 10 हजार रुपये 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 15 हजार रुपये तथा 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 20 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसी प्रकार कक्षा 12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 15 हजार रुपये 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 20 हजार रुपये तथा 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की मेधावी बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना और उनकी शैक्षिक उपलब्धियों को बढ़ावा देना है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.दीपक सैनी प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भगवती प्रसाद त्रिवेदी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
