Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार के छह विद्यालयों में जनपद स्तरीय मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि संबंधित विभागों के समन्वय से आयोजित इस अभ्यास में भूकंप और अग्निकांड जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा बचाव एवं राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का प्रशिक्षण दिया गया। मॉक अभ्यास के तहत राजकीय इंटर कॉलेज ज्वालापुर राजकीय इंटर कॉलेज श्यामपुर बीएसएम इंटर कॉलेज रुड़की राजकीय इंटर कॉलेज सिकंदरपुर भगवानपुर राजकीय इंटर कॉलेज भोगपुर और केवी इंटर कॉलेज लक्सर में विभिन्न आपदा परिस्थितियों का प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के दौरान भूकंप आने पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने और विद्यालय परिसर से सुरक्षित निकासी के साथ डक-कवर-होल्ड तकनीक के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा घायलों के रेस्क्यू और प्राथमिक उपचार की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। अग्निकांड की स्थिति में अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग आग पर काबू पाने और तत्काल बचाव कार्य शुरू करने की जानकारी भी दी गई। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया। विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता एवं सूझबूझ से काम लेने सुरक्षित निकासी के निर्धारित तरीकों का पालन करने और आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया गया। इस मॉक अभ्यास का उद्देश्य विद्यालयों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करना तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *